नई दिल्ली। देश में एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण के 3,92,488 मामले सामने आने के बाद संक्रमण के कुल मामले 1,95,57,457 हो गए हैं। शनिवार को देश में कोविड-19 से 3,689 लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या भी बढ़कर 2,15,542 हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक भारत में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या 33,49,644 दर्ज की गई है। कोविड-19 की रिकवरी दर घटकर 81.77 प्रतिशत पर आ गई है।
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक बीमारी से ठीक हो चुके लोगों की संख्या बढ़कर 1, 59,92,271 हो गई है, जबकि मृत्यु दर भी घटकर 1.10 प्रतिशत हो गई है। 7 अगस्त को भारत में कोरोना संक्रमण के मामलों ने 20 लाख का आंकड़ा पार किया था। इसके बाद 23 अगस्त को यह आंकड़ा 30 लाख हो गया था। 5 सितंबर को 40 लाख और 16 सितंबर को 50 लाख हो गया था।
28 सितंबर को देश में कुल मरीजों का आंकड़ा 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख और 29 अक्टूबर को 80 लाख हुआ था। इसके बाद 20 नवंबर को यह आंकड़ा 90 लाख और 19 दिसंबर को एक करोड़ को पार कर गया था। 19 अप्रैल को देश ने 1.5 करोड़ का आंकड़ा पार किया।